इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया लगातार हार का सामना कर रही है। रोजबाउल में खेले गए दूसरे वनडे में इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 7 विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड को भारत से 188 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे अंग्रेज टीम ने 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
गौरतलब है कि इंग्लैंड दौरे में जीत के लिए तरस रही टीम इंडिया को एक बार फिर हार का सामना करना पड़ा और इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में टीम इंडिया को 7 विकेट से रौंद दिया। पहला वनडे बारिश की वजह से नहीं खेला जा सका था। टीम इंडिया से मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने शुरु से ही काउंटर अटैक का हथियार आजमाया। कीजवेटर और कुक की जोड़ी ने पहले पावरप्ले का जमकर फायदा उठाते हुए, भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया। लेकिन, विनयकुमार ने कीजवेटर को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई इसके बाद अश्विन ने बेल को पैवेलियन भेजकर टीम इंडिया को दूसरी सफलता दिलाई।
हालांकि कुक और बोपारा ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़कर मैच में इंग्लैंड को मजबूत कर दिया। बोपारा तो 24 रन बनाकर चलते बने, लेकिन कुक ने नाबाद 80 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को शानदार जीत दिला दी।
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को पार्थिव पटेल और अजिंक्या रहाने ने शानदार शुरुआत दिलाई। पटेल एक बाऱ फिर आक्रामक तेवर में नजर आए और ब्रेस्नन के एक ओवर में दो छक्के लगाकर उन्होंने अपेन इरादे जाहिऱ कर दिए। हालांकि, पटेल अपने इस अंदाज को ज्यादा देर तक कायम नहीं रक सके और एंडरसन की गेंद पर चलते बने। पटेल ने 28 रन बनाए जिसमें 3 चौके और 2 छक्के भी शामिल हैं।
पटेल के आउट होने के बाद भी रहाने ने रन बनाने के सिलसिले को कम नहीं होने दिया। रहाने को द्रविड़ का भी अच्छा साथ मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़ें। द्रविड़ ने 32 रनों की पारी खेली।
इसके बाद आए विराट कोहली ज्यादा देर नहीं टिक सके और 9 रन बनाकर स्वान का शिकार बने। वहीं, कुछ देर बाद रहाने भी स्वान को रिटर्न कैच थमा बैठे। भारतीय पारी के टॉप स्कोरर रहाने ने 54 रन बनाए जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल है।
लेकिन, टीम इंडिया को अपने कप्तान धोनी से एक बार निराशा हाथ लगी। धोनी सिर्फ 6 ही रन बना सके। रैना ने मोर्चा संभालते हुए लंबे लंबे छक्के लगाए और इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। रैना ने 19 गेंदों पर 40 रन बनाए जिसमें 3 चौके और 3 छक्के भी शामिल थे।
रैना के आउट होने के बाद टीम इंडिया को दो और झटके लगे और भारतीय टीम निर्धारित 23 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन ही बना सकी। ये स्कोर इंग्लैंड के सामने नाकाफी साबित हुआ और अंग्रेज टीम ने मैच को अपने नाम कर लिया।